
कोलकाता, 30 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का अपना थाना स्थापित हो गया है। राज्य मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद गुरुवार को नवान्न की ओर से अधिसूचना जारी कर राज्य के पहले एनआईए थाने के गठन की घोषणा की गई।
न्यू टाउन स्थित एनबीसीसी भवन की 16वीं मंजिल पर एनआईए थाना शुरू किया गया है। अब पश्चिम बंगाल से जुड़े एनआईए के सभी मामलों की प्राथमिकी इसी थाने में दर्ज की जा सकेगी। इससे पहले राज्य में मामलों की एफआईआर दर्ज कराने के लिए एनआईए को दिल्ली स्थित मुख्यालय पर निर्भर रहना पड़ता था।
एनआईए लंबे समय से कोलकाता में अपना थाना स्थापित करने की योजना बना रही थी। हालांकि, आरोप है कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राज्य सरकार के कथित असहयोग के कारण यह योजना लागू नहीं हो सकी। सत्ता परिवर्तन के करीब तीन महीने के भीतर शुभेंदु अधिकारी की मंत्रिपरिषद ने राज्य में एनआईए थाना स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
मुंबई और चेन्नई जैसे बड़े शहरों के अलावा रांची, कोच्चि और इंफाल में भी एनआईए के अपने थाने हैं। जांच संबंधी कार्यों को सुगम बनाने और स्थानीय स्तर पर कार्रवाई में तेजी लाने के उद्देश्य से विभिन्न शहरों में ऐसे थाने स्थापित किए जाते हैं।
पश्चिम बंगाल में एनआईए ने 2014 के खागड़ागढ़ विस्फोट मामले से अपनी जांच शुरू की थी। इसके करीब 12 वर्ष बाद राज्य में एजेंसी को अपना थाना मिला है।
बताया गया है कि 22 जुलाई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में एनआईए थाना स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर बैठक हुई थी। इसके बाद एनआईए थाना स्थापित किए जाने को महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय