कैबिनेट : किसान, खेल, समुद्र और ऊर्जा से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी

युगवार्ता    31-Jul-2026
Total Views |
Rail and Information & Broadcasting Minister Ashwini Vaishnaw addressing reporters during a Cabinet briefing at the National Media Centre in New Delhi on Wednesday.


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना, पीएम-किसान योजना, 'समुद्र मंथन' योजना और संशोधित खेलो इंडिया और एएनएसएफ योजनाओं को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज उक्त प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रिमंडल ने 5,070 करोड़ रुपये के कुल बजट परिव्यय के साथ प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (पीएम-एसएसवाई) को मंजूरी दी। इस योजना का उद्देश्य कम से कम 10,000 मेगावाट भंडारण क्षमता वाले ऊर्जा भंडारण प्रणालियों के साथ 5,000 मेगावाट के फ्लोटिंग सोलर पीवी प्रोजेक्ट विकसित करना है।

पीएम-किसान योजना 2030-31 तक जारी रहेगी। इसके लिए कुल 3.15 लाख करोड़ रुपये का वित्तीय आवंटन किया गया है। योजना के तहत किसानों को सीधे 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक हस्तांतरित किए जा चुके हैं।

मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय अपतटीय अन्वेषण योजना ‘समुद्र मंथन’ को मंजूरी दी है। इसके लिए वित्त वर्ष 2030-31 तक कार्यान्वयन हेतु 84,084 करोड़ रुपये का स्वीकृत परिव्यय निर्धारित किया गया है। इस योजना का उद्देश्य भारत की विशाल अपतटीय ऊर्जा क्षमता का दोहन करना और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है।

इसके अलावा मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31 की अवधि के लिए 36,441 करोड़ रुपये के कुल परिव्यय के साथ संशोधित ‘खेलो इंडिया योजना’ को मंजूरी दी है। वित्त वर्ष 2026-31 के लिए राष्ट्रीय खेल संघों को सुदृढ़ सहायता (एएनएसएफ) योजना को भी मंजूरी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags