नेपाल में हिंसा के बाद भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी चौकसी, भीमनगर-वीरपुर बाजारों में पसरा सन्नाटा

युगवार्ता    31-Jul-2026
Total Views |
Br


Br


सुपौल, 31 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज तथा सिरहा-लहान क्षेत्र में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। नेपाल के कई संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू लगाए जाने के बाद सुपौल जिला प्रशासन के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

सीमावर्ती इलाकों में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भारत-नेपाल सीमा से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। स्थिति की समीक्षा के लिए सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. तथा वीरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को सीमा पर गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी अफवाह पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

सीमा पर आवाजाही सीमित होने का असर स्थानीय व्यापार पर भी दिखाई देने लगा है। भीमनगर और वीरपुर के बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में खरीदारों की संख्या काफी कम रही। नेपाल से आने वाले ग्राहकों की संख्या घटने से दुकानदारों, छोटे व्यापारियों और दैनिक मजदूरों की आय प्रभावित हुई है। वीरपुर बस स्टैंड और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी चहल-पहल कम देखी गई।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि भीमनगर बाजार का दैनिक कारोबार भी प्रभावित हुआ है। उनका मानना है कि सीमा पर आवागमन सामान्य होने के बाद ही व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह पटरी पर लौट सकेंगी।

प्रशासन का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। इस बीच नेपाल के सामाजिक कार्यकर्ता खेमचंद्र यादव ने हिंसा में तीन लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए नागरिकों से शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Tags