ठाणे इमारत हादसे पर प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मृतक परिजनों के लिए दो-दो लाख की अनुग्रह राशि की घोषणा

युगवार्ता    31-Jul-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के ठाणे में इमारत गिरने की घटना में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से हादसे में प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं, प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि ठाणे में इमारत गिरने से हुई जनहानि की खबर अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में प्रधानमंत्री की संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं तथा उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से घोषित अनुग्रह राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार देर रात महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी स्थित बालाजी नगर-गंगारामवाड़ी क्षेत्र स्थित चार मंजिला कोहिनूर अपार्टमेंट अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags