अकासा एयर के बेड़े में 40वां विमान शामिल, एयरलाइन ने बेड़े का किया विस्तार

युगवार्ता    04-Jul-2026
Total Views |
आकासा एयर के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


आकासा एयर के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स)। नवोदित विमानन सेवा कंपनी अकासा एयर के बेड़े में 40वां विमान शामिल हो गया है। इसमें सबसे नया विमान बोइंग 737 मैक्स 8-200 है, जिसका पंजीकरण संख्या वीटी-वाईबीक्यू है। बेंगलरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इस विमान की लैंडिग हुई।

एयरलाइन ने शनिवार को ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी बयान में बताया कि आकासा एयर को अपना 40वां विमान मिल गया है। यह अकासा एयरलाइन के बेड़े (फ्लीट) के विस्तार में एक और अहम पड़ाव है, क्योंकि कंपनी अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को लगातार बढ़ा रही है। इसके साथ ही एयरलाइन ने इस साल अब तक नौ बोइंग 737 मैक्स विमान अपने बेड़े में शामिल कर लिए हैं।

कंपनी ने जारी बयान में कहा कि हमें अपने बढ़ते हुए आकासा फ्लीट में 40वें विमान वीटी-वाईबीक्यू का स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है। इससे अगस्त 2022 में कामकाज शुरू होने के बाद से हमारे विस्तार की गति और निरंतरता और मजबूत हुई है। यह उपलब्धि सिर्फ फ्लीट के बढ़ने से कहीं ज्यादा है। यह अनुशासित काम, बेहतरीन ऑपरेशन, ग्राहकों के भरोसे और उन सभी आकासियन्स (आकासा के लोगों) और पार्टनर्स की अटूट प्रतिबद्धता को दिखाती है, जिनकी वजह से यह सफर मुमकिन हो पाया है।

अकासा एयर ने कहा कि 226 बोइंग 737 मैक्स विमानों के पक्के ऑर्डर और अगले छह सालों में 186 और विमानों की डिलीवरी की योजना के साथ हम एक ऐसी भविष्य के लिए तैयार एयरलाइन बनाने पर ध्यान दे रहे हैं जो बड़े पैमाने पर काम करने के साथ-साथ ग्राहकों को बेहतरीन अनुभव भी दे। एयरलाइन ने कहा कि जैसे-जैसे भारत का एविएशन मार्केट बढ़ रहा है, आकासा एयर इसके भविष्य को आकार देने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दशक के अंत तक दुनिया की टॉप 30 एयरलाइंस में से एक बनने की राह पर आगे बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags