चुनाव आयोग ने के. कविता को पार्टी का नाम बदलने का दिया निर्देश, 15 दिन में तीन नए नाम सुझाने को कहा

युगवार्ता    04-Jul-2026
Total Views |

हैदराबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने के. कविता को उनकी नई राजनीतिक पार्टी तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) का नाम बदलने का निर्देश दिया है। विभिन्न हितधारकों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों के बाद आयोग ने यह कदम उठाया है।

निर्वाचन आयोग ने के. कविता को भेजे गए पत्र में 15 दिनों के भीतर पार्टी के लिए तीन वैकल्पिक नाम प्रस्तावित करने को कहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं दिया गया तो पार्टी के पंजीकरण के लिए किया गया आवेदन बिना किसी अतिरिक्त सूचना के खारिज किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि के. कविता ने 25 अप्रैल को मेडचल में अपने नए राजनीतिक संगठन की शुरुआत की थी। प्रारंभ में पार्टी का नाम ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ रखा गया था, लेकिन तीन दिन बाद 28 अप्रैल को इसे बदलकर ‘तेलंगाना रक्षण सेना’ कर दिया गया।

पार्टी के गठन से पहले फरवरी में कविता ने निर्वाचन आयोग को पांच संभावित नामों का प्रस्ताव भेजा था। इनमें तेलंगाना प्रजा जागृति, तेलंगाना जागृति, तेलंगाना रक्षण सेना, तेलंगाना राष्ट्र जागृति और तेलंगाना प्रजा शक्ति शामिल थे। इनमें से उन्होंने अंततः ‘तेलंगाना रक्षण सेना’ नाम को चुना।

निर्वाचन आयोग ने प्रारंभिक स्तर पर इस नाम को सार्वजनिक सूचना के लिए प्रकाशित करने की अनुमति दी थी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि अंतिम मंजूरी निर्धारित अवधि में प्राप्त होने वाली आपत्तियों और उनके निस्तारण के बाद ही दी जाएगी।

आयोग को इस नाम के खिलाफ कई आपत्तियां प्राप्त हुईं। आपत्तियों में मुख्य तर्क यह था कि ‘तेलंगाना रक्षण सेना’ का संक्षिप्त रूप ‘टीआरएस’ बनता है, जो मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर सकता है। यह संक्षिप्त नाम पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की पार्टी ‘तेलंगाना राष्ट्र समिति’ (टीआरएस) से मेल खाता है, जिसका नाम वर्ष 2022 में बदलकर ‘भारत राष्ट्र समिति’ (बीआरएस) कर दिया गया था।

निर्वाचन आयोग अब के. कविता द्वारा भेजे जाने वाले नए नामों पर विचार करेगा और नियमानुसार आगे की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags