होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए मल्टीनेशनल फोर्स की तैनात काे तैयार : ब्रिटेन-फ्रांस

युगवार्ता    05-Jul-2026
Total Views |
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (फाइल फाेटाे)


बर्लिन, 05 जुलाई (हि.स.)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने संयुक्त बयान में कहा है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मल्टीनेशनल मिलिट्री मिशन तैनात करने को तैयार हैं, जबकि ईरान ने इस रणनीतिक जलमार्ग में विदेशी मौजूदगी के खिलाफ बार-बार चेतावनी दी है।

तुर्किए की सरकारी समाचार अनाडाेलू एजेंसी

के अनुसार ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक अहम कड़ी है। इस जलडमरूमध्य से सभी देशों के जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बहाल करना वैश्विक चिंता का विषय है।

नेताओं ने बताया कि ओमान अपने संप्रभु क्षेत्रीय जलक्षेत्र से सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए लंदन और पेरिस के साथ सहयोग करने पर सहमत हो गया है।

उन्होंने कहा कि दोनों यूरोपीय शक्तियां इस क्षेत्र में आवाजाही की स्वतंत्रता का समर्थन करने के लिए एक व्यापक मल्टीनेशनल मिलिट्री मिशन की अगुवाई करने को तैयार हैं।

बयान में कहा गया कि ब्रिटेन और फ्रांस क्षेत्रीय स्थिरता, सभी देशों की संप्रभुता के सम्मान और वैश्विक सुरक्षा, आवाजाही की स्वतंत्रता और अंतरराष्ट्रीय कानून को बनाए रखने के लिए अपने सहयोगियों के साथ करीबी सहयोग बनाए रखने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराते हैं।

यह संयुक्त घोषणा तेहरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच आई है। ईरान ने बार-बार होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री अभियानों में किसी भी विदेशी हस्तक्षेप को खारिज करने का संकल्प लिया है और क्षेत्र के बाहर की ताकतों को वहां सैन्य ताकत दिखाने के खिलाफ चेतावनी दी है। ईरानी अधिकारियों ने लगातार यह तर्क दिया है कि जलमार्ग की सुरक्षा पूरी तरह से इसके तटीय देशों की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Tags