(लीड) लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो शूटर बहादुरगढ़ में दिल्ली और हरियाणा पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में ढेर

युगवार्ता    05-Jul-2026
Total Views |
बहादुरगढ़ में घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी। फोटो  इंटरनेट मीडिया


नई दिल्ली/ बहादुरगढ़ (हरियाणा),05 जुलाई (हि.स.)। लॉरेंस बिश्नोई-हरिराम उर्फ हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित गिरोह के दो इनामी शूटर आज सुबह यहां पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। इनकी पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है। दोनों हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या में शामिल थे। दोनों पर हरियाणा पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के दौरान स्पेशल सेल का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया। उसका इलाज चल रहा है। इसकी पुष्टि हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रांत भूषण ने की। यह सफलता दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ के संयुक्त अभियान में मिली।

पुलिस अधिकारी भूषण ने बताया कि हांसी में पिछले महीने जिम संचालक कपिल की दो अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। जांच में खुलासा हुआ कि इस हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई के करीबी शूटर प्रवेश और हिमांशु शामिल हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम को सूचना मिली थी कि एक मामले में वांछित हिसार निवासी प्रवेश और हिमांशु हरियाणा में मौजूद हैं। दोनों हिसार के जिम ट्रेनर कपिल हत्याकांड के आरोपित भी हैं। इस सूचना के आधार पर स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाया।

एसपी भूषण ने बताया, पुलिस टीमों ने सबसे पहले इलाके को घेरा। इसके बाद टीमें दोनों को पकड़ने के लिए आगे बढ़ीं। यह देख प्रवेश और हिमांशु ने गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीमों को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। भूषण ने कहा, मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही के पैर में गोली लगी और चार अन्य अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। दोनों शूटर भी घायल हो गए। घायल दोनों शूटर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल सिपाही को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के सिपाही अंकित के पैर में गोली लगी। उनकी हालत खतरे से बाहर है। उनका उपचार जारी है। हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक साइंस लैब और क्राइम टीम ने घटनास्थल का दौरा किया है।बहादुरगढ़ सदर थाने में पुलिस पर हमला, हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Tags