


शिवपुरी, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश का शिवपुरी भी देश के उभरते रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल होने जा रहा है। रविवार को यहां केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकासमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अदाणी समूह के लगभग 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाली अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज शिवपुरी के इतिहास में नई इबारत लिखी जा रही है। यह सिर्फ एक डिफेंस फैक्टरी का शिलान्यास नहीं, बल्कि जिले को औद्योगिक विकास, रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भर भारत के विजन से जोड़ने वाला ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि जब भी देश की रक्षा के लिए युद्ध होगा, तब शिवपुरी में बने हथियार और गोला-बारूद देश की सीमाओं तक पहुंचेंगे और युद्ध में दुश्मन का सीना चीरेंगे। यहां के युवाओं की मेहनत से तैयार होने वाले हथियार और मिशन-रेडी मिसाइलें दुश्मन का मुकाबला करेंगी और भारतीय सेना की ताकत बढ़ाएंगी। यह परियोजना देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जिले के लिए करीब 100 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना स्वीकृत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिवपुरी भगवान शिव की नगरी है, इसलिए यहां 108 फीट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की भी मांग उठाई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन की शुरुआत हल्के-फुल्के अंदाज में की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री सिंधिया की मांगों पर कहा कि आज महाराज की आवाज कुछ अलग ही नजर आई। ऐसा लग रहा था जैसे रोटी पर थोड़ा ज्यादा मक्खन लगा दिया हो। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद अतिथि और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग मुस्कुरा उठे, जिससे कुछ देर के लिए माहौल हल्का हो गया।
शिलान्यास कार्यक्रम में अदाणी समूह के निदेशक करण अदाणी और जीत अदाणी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शिलान्यास से पहले प्रदर्शनी टेंट में हाईटेक हथियारों, मिसाइलों और डिफेंस इक्विपमेंट का जायजा लिया।
इस अवसर पर बताया गया कि इस मेगा प्रोजेक्ट में गोला-बारूद, हाईटेक हथियार, मिशन-रेडी मिसाइलें और हाईटेक डिफेंस प्रोडक्ट्स तैयार किए जाएंगे। पाली गांव में नेशनल हाईवे-27 के किनारे बनने वाली यह डिफेंस फैक्ट्री मध्य प्रदेश के औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र के लिए गेमचेंजर मानी जा रही है। परियोजना से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। शिवपुरी देश के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क में अपनी मजबूत पहचान दर्ज करेगा।
मध्य प्रदेश में 2030 तक 1 लाख 20 हजार जॉब्स क्रिएट होंगेः जीत अडाणी
कार्यक्रम में जीत अदाणी ने कहा- मध्य प्रदेश के शिवपुरी में अब हमारे देश के सबसे पावरफुल ग्रोथ स्टोरीज में से एक बन चुका है। जो मोमेंटम हम आज अभी देख रहे हैं, वह मुख्यमंत्री मोहन यादव और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लगातार सपोर्ट और स्टेट गवर्नमेंट के इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्री और एम्प्लॉयमेंट पर स्ट्रांग फोकस का रिजल्ट है। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप को इस जर्नी का हिस्सा होने पर बहुत गर्व है। पिछले साल भोपाल में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में हमारे चेयरमैन गौतम अदाणी ने मध्य प्रदेश में 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट अनाउंस किया था। यह इन्वेस्टमेंट पंप हाइड्रो स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स और थर्मल एनर्जी सेक्टर्स में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 2030 तक करीब एक लाख 20 हजार जॉब्स देंगे। हम जो भी कर रहे हैं, वो इस कमिटमेंट को आगे बढ़ाने के लिए है। उस कमिटमेंट को पूर्ण करने के लिए कर रहे हैं। हम कटनी जिले के आमेठा को 1200 मेगावाट पावर सप्लाई कर रहे हैं। साथ ही 5600 मेगावाट एडिशनल कैपेसिटी भी तैयार कर रहे हैं। हमने लाहौरी, धार, रतलाम और उज्जैन में विंड एनर्जी प्रोजेक्ट्स भी शुरू किए हैं। शिवपुरी में स्थापित होने वाली डिफेंस फैक्ट्री केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी निर्माण को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर