
अंकारा/रोमानिया, 05 जुलाई (हि.स.)। तुर्की की रक्षा कंपनी हैवेलसन ने रोमानिया को एडवांस नेवल कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम एडवेंट की डिलीवरी कर दी है। इस डिलीवरी के साथ तुर्की के स्वदेशी नेवल कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम ने पहली बार किसी नाटाे सदस्य देश के रक्षा बेड़े में प्रवेश किया है।
तुर्किए की सरकारी समाचार अनाडाेलू एजेंसी के अनुसार यह सिस्टम रोमानियाई नौसेना के कैम.रोमन कार्वेट के साथ शामिल किया गया है, जिससे जहाज की युद्ध क्षमता और कमांड सिस्टम को आधुनिक बनाया गया है। इस सौदे के बाद एडवेंट अब आधिकारिक तौर पर नाटाे रक्षा मार्केट में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुका है।
इससे पहले यह सिस्टम पाकिस्तान, इंडोनेशिया, यूक्रेन, कतर, ओमान, नाइजीरिया, मलेशिया और चिली जैसे देशों को भी निर्यात किया जा चुका है।
एडवेंट सिस्टम को तुर्की नौसेना के सहयोग से विकसित किया गया है और इसे ‘फोर्स-ओरिएंटेड’ डिजाइन पर तैयार किया गया है, जिसमें अलग-अलग जहाजों, प्लेटफॉर्म्स और कमांड सेंटर्स को एक साझा ऑपरेशनल नेटवर्क से जोड़ा जाता है। यह सिस्टम खतरे के आकलन, लक्ष्य पहचान, निर्णय सहायता और हथियार नियंत्रण जैसी क्षमताओं को एकीकृत करता है, जिससे कमांडरों को बेहतर रणनीतिक नियंत्रण मिलता है।
रोमानिया के लिए तैयार किए गए संस्करण को उसकी ऑपरेशनल जरूरतों के अनुसार संशोधित किया गया है। कंपनी के अनुसार, इसकी मॉड्यूलर संरचना इसे विभिन्न देशों और सेनाओं की आवश्यकताओं के अनुसार अनुकूल बनाने में सक्षम बनाती है।
एडवेंट को पहली बार 2019 में तुर्की नौसेना के युद्धपोत टीसीजी किनालियाडा पर शामिल किया गया था और इसके बाद कई अन्य नौसैनिक प्लेटफॉर्म्स में भी इसका उपयोग किया जा रहा है। इस डील को तुर्की की रक्षा निर्यात क्षमता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में और देशों के साथ ऐसे समझौतों की संभावना बढ़ सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी