महाराष्ट्र में मुंबई सहित सात जिलों में ८ जुलाई तक बारिश का रेड अलर्ट, निचले क्षेत्रों में जलभराव

युगवार्ता    06-Jul-2026
Total Views |
फोटो: रायगढ़ में भारी बारिश का दृश्य


- पुणे सहित कई जगह में भूस्खलन, मुख्यमंत्री ने लोगों से की घर में रहने की अपील

मुंबई, 06 जुलाई (हि.स.)। भारत मौसम विभाग ने सोमवार को फिर से चेतावनी जारी करते हुए सूबे के मुंबई सहित सात जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण मुंबई महानगर क्षेत्र सहित सूबे के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। लगातार हो रही बारिश से आज पुणे के मावल सहित कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के नागरिकों से सिर्फ आवश्यक काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की है।

मुंबई मौसम विभाग के अधिकारी केएस होसालीकर ने आज बताया कि सूबे में ८ जुलाई तक मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर, पुणे, सतारा और नासिक में भारी बारिश से भारी बारिश हो सकती है। कोंकण में रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदूर्ग और पुणे घाट क्षेत्र में भी भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ

ही समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठने की भी संभावना है। इस चेतावनी को देखते हुए आपातकालीन व्यवस्थापन विभाग ने संबधित जिलाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सरकारी और सेमी-गवर्नमेंट कर्मचारियों के लिए आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। लोगों से गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने और तटीय इलाकों, पानी से भरी जगहों और खतरनाक मानी जाने वाली जगहों, जैसे पुरानी इमारतों, बड़े होर्डिंग्स और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। इस मुश्किल से निपटने के लिए पूरे शहर में लगभग 15,000 म्युनिसिपल ऑफिसर और इमरजेंसी रिस्पॉन्स स्टाफ को तैनात किया गया है। सीनियर सिविक ऑफिसर रियल-टाइम में सिचुएशन पर नजऱ रख रहे हैं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सिर्फ़ आधिकारिक संवाद-सूचना पर भरोसा करने की अपील कर रहे हैं।

जिन लोगों को तुरंत मदद चाहिए, उन्हें 24/7 इमरजेंसी हेल्पलाइन, 1916 पर कॉल करने के लिए कहा गया है। स्टूडेंट्स की सेफ्टी को प्राथमिकता देते हुए सभी स्कूल और कॉलेज, सरकारी और प्राइवेट को बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा मुंबई यूनिवर्सिटी ने 6 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं ऑफिशियली पोस्टपोन कर दी हैं। यूनिवर्सिटी एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा कि सही समय पर बदला हुआ एग्जाम शेड्यूल अनाउंस किया जाएगा।

चूंकि बाढ़ का असर मुख्य सडक़ों, पुलों और हाइवे पर पड़ रहा है, इसलिए राज्य एडमिनिस्ट्रेशन हाई अलर्ट पर है और ज़रूरी सर्विसेज़ को फिर से शुरू करने को प्राथमिकता दे रहा है, जबकि पब्लिक सेफ्टी सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है। सेंट्रल रेलवे के विक्रोली कांजुरमार्ग स्टेशनों के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट वायर पर प्लास्टिक उडक़र फंसने से रेलवे ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया है। यहां रेलवे की मरम्मत टीम युद्ध स्तर पर काम कर रही है।

यही नही भारी बारिश की वजह से मुंबई, ठाणे और पालघर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, नगर निगमकर्मी यहां पंपिंग के सहयोग से जल निकासी कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags