
मुरादाबाद, 07 जुलाई (हि.स.)। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन से पहले गोरखपुर लायंस ने अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। इसमें मुरादाबाद के जिगर कॉलोनी निवासी युवा क्रिकेटर आर्यन जुयाल को लगातार दूसरी बार रिटेन किया गया है। इसके साथ ही वह तीसरे सीजन में भी गोरखपुर लायंस का हिस्सा रहेंगे। आर्यन दाएं हाथ के आक्रामक सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर हैं।
आर्यन जुयाल यूपी टी-20 लीग के दूसरे सीजन से गोरखपुर लायंस का हिस्सा रहे हैं। हालांकि पहले सीजन में चोट के कारण वह लीग नहीं खेल सके थे। इसके बाद उन्होंने टीम का भरोसा कायम रखा। लगातार दूसरी बार रिटेन किए जाने से उनके प्रदर्शन और टीम प्रबंधन के विश्वास पर मुहर लगी है।
यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होगा। प्रतियोगिता में गोरखपुर लायंस के अलावा मेरठ मेवरिक्स, नोएडा किंग्स, काशी रुद्रास, कानपुर सुपरस्टार्स और लखनऊ फाल्कंस की टीमें हिस्सा लेंगी। लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी जुलाई के मध्य में होने की संभावना है।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल