नाटो शिखर सम्मेलन : ट्रंप ने तुर्किये पर प्रतिबंध हटाने का किया ऐलान, यूरोप की रक्षा तैयारियों पर दिया जोर

युगवार्ता    07-Jul-2026
Total Views |

अंकारा, 07 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाटो शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए तुर्किये पहुंचे हैं। इस दो दिवसीय सम्मेलन में नाटो सदस्य देश अरबों डॉलर की नई रक्षा परियोजनाओं का प्रदर्शन कर अमेरिका को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि यूरोपीय देश अपनी सैन्य क्षमता बढ़ाने के लिए गंभीरता से निवेश कर रहे हैं।

शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन से द्विपक्षीय वार्ता की। बैठक के बाद उन्होंने घोषणा की कि अमेरिका तुर्किये पर लगाए गए उन प्रतिबंधों को हटाएगा, जो रूस से एस-400 वायु रक्षा प्रणाली खरीदने के बाद लगाए गए थे। इसी खरीद के कारण तुर्किये को अमेरिका के एफ-35 लड़ाकू विमान कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया था।

ट्रंप ने यह भी कहा कि वह जल्द ही तुर्किये को एफ-35 लड़ाकू विमान बेचने के मुद्दे पर फैसला करेंगे, हालांकि अमेरिकी कांग्रेस ने इस पर रोक लगा रखी है।

इससे पहले नाटो ने कई अरब डॉलर की नई रक्षा परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। नाटो महासचिव मार्क रुट्टे ने इन निवेशों को सही दिशा में किया गया खर्च बताते हुए कहा कि इससे यूरोप की सामूहिक सुरक्षा और गठबंधन की सैन्य क्षमता मजबूत होगी।

ग्रीनलैंड पर फिर जताई इच्छा

सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि वह चाहते हैं कि ग्रीनलैंड पर अमेरिका का नियंत्रण हो। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि ऐसा कदम नाटो सहयोगियों के साथ अमेरिका के संबंधों को और जटिल बना सकता है।

यूरोप में अमेरिकी सैनिकों की संख्या कम करने के सवाल पर ट्रंप ने स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए कहा, देखेंगे, क्या होता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags