आईएमएफ ने 2026-27 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान घटाकर 6.40 फीसदी किया

युगवार्ता    08-Jul-2026
Total Views |
जीडीपी वृद्धि दर के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स)। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 6.40 फीसदी कर दिया है। अप्रैल में उसने आर्थिक वृद्धि दर 6.5 फीसदी रहने का अनुमान जताया था।

आईएमएफ ने बुधवार को जारी अपनी ताजा विश्व आर्थिक परिदृश्य (डब्ल्यूईओ) रिपोर्ट के अद्यतन संस्करण में कहा, ‘‘भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक निजी खपत और सेवा क्षेत्र की मजबूत गतिविधियों के दम पर भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.40 फीसदी रहने का अनुमान है।’’ हालांकि,आईएमएफ ने कहा कि वित्त वर्ष 2027-28 में भारत की अर्थव्यवस्था 6.70 फीसदी की दर से बढ़ेगी। यह अप्रैल के 6.50 फीसदी के अनुमान से 0.20 फीसदी अधिक है।

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के विश्व आर्थिक अध्ययन प्रभाग की प्रमुख डेनिज इगन ने कहा कि भारत के आर्थिक वृद्धि दर अनुमान में संशोधन के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा, ‘एक ओर हालिया आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहे हैं, जो कि अप्रैल तक के उच्च आवृत्ति वाले संकेतकों से समग्र आर्थिक गतिविधियों में मजबूती दिखाई दी है।’ हालांकि, उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इन सकारात्मक संकेतों का असर ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि से काफी हद तक कम हो गया। इसके साथ ही कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का असर भारत में खुदरा ईंधन कीमतों पर भी अधिक पड़ने की संभावना है।

आईएमएफ ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के 2026 में तीन फीसदी और 2027 में 3.40 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है। यह वित्त वर्ष 2024-25 के औसत 3.50 फीसदी की तुलना में कम है और अप्रैल के अनुमान के मुकाबले कुल मिलाकर लगभग अपरिवर्तित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags