
नेटफ्लिक्स अब छोटे वीडियो और संक्षिप्त कार्यक्रमों की दुनिया में कदम रखने जा रहा है। कंपनी 3 अगस्त से अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, आयरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दर्शकों के लिए नए लघु कार्यक्रम उपलब्ध कराएगी। इन कार्यक्रमों की अवधि 2 मिनट से लेकर 20 मिनट या उससे अधिक तक होगी। बदलती दर्शक पसंद और मोबाइल पर तेजी से देखे जाने वाले वीडियो की बढ़ती लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है।
इस नई योजना के तहत नेटफ्लिक्स ने कई प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ साझेदारी की है। इसके माध्यम से दर्शकों को लोकप्रिय मनोरंजन कार्यक्रमों के छोटे संस्करण देखने को मिलेंगे। कंपनी का उद्देश्य ऐसे कार्यक्रम प्रस्तुत करना है, जिन्हें दर्शक कम समय में आसानी से देख सकें और अपने दैनिक व्यस्त कार्यक्रम के बीच भी मनोरंजन का आनंद ले सकें।
नेटफ्लिक्स के बाल एवं पारिवारिक कार्यक्रम विभाग के उपाध्यक्ष जॉन डर्डेरियन ने कहा कि इस पहल से दर्शकों को अपनी पसंदीदा कहानियों और किरदारों को नए अंदाज में देखने का अवसर मिलेगा। उनका मानना है कि छोटे कार्यक्रमों की यह श्रृंखला दर्शकों के हर मूड और हर खाली समय के लिए मनोरंजन का नया विकल्प साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे