
- बाजार में चौतरफा बिकवाली के निवेशकों के 8.24 लाख करोड़ रुपये स्वाहा
नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ सीजफायर खत्म करने का एलान करते ही आज दुनिया भर के शेयर बाजार में कोहराम मच गया। इस ऐलान के बाद घरेलू शेयर बाजार भी बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी।
निगेटिव ग्लोबल सेंटिमेंट्स के कारण बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ता गया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल भी कमजोर पड़ती चली गई। दोपहर दो बजे के थोड़ी देर पहले सीजफायर खत्म होने का ऐलान होते ही बाजार पूरी तरह से धराशाई हो गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.15 प्रतिशत और निफ्टी 2.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। पीएसयू बैंक के शेयरों में आज जबरदस्त बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 2.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी का प्राइवेट बैंक इंडेक्स भी 2.42 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया।
बैंकिंग के अलावा ऑटोमोबाइल, इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों की भी आज लगातार बिकवाली होती रही। इसके अलावा आईटी, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.24 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब सवा आठ लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 471.44 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 479.68 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 8.24 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,454 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,070 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,211 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 173 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,004 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 473 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,531 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल सभी 30 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से सिर्फ चार शेयर हरे निशान में और शेष 46 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 364.27 अंक की कमजोरी के साथ 77,816.45 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मामूली खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 77,851.18 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की कमजोरी बढ़ने लगी। कारोबार के दौरान बीच-बीच में खरीदार लिवाली की कोशिश भी करते रहे लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि सेंसेक्स की चाल में सुधार नहीं हो सका।
दोपहर दो बजे के थोड़ी देर पहले अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर खत्म होने का ऐलान होते ही बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिससे यह सूचकांक 1,921.69 अंक टूट कर 76,259.03 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि आखिरी वक्त में हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स निचले स्तर से 244.57 अंक सुधर कर 1,677.12 अंक की गिरावट के साथ 76,503.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 139.15 अंक टूट कर 24,259.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के तुरंत बाद हुई खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 24,295.25 अंक तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी लुढ़क कर 24,207.20 अंक के स्तर तक गिर गया।
इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे सुबह 10:30 बजे के करीब निफ्टी रिकवर कर 24,300 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद बाजार पर बिकवालों का कब्जा हो गया, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। दोपहर 1:45 बजे के करीब पश्चिम एशिया में युद्ध तेज होने की आशंका के कारण शेयर बाजार में चौतरफा बिक्री शुरू हो गई, जिससे निफ्टी भी बड़ी गिरावट का शिकार हो गया।
लगातार हो रही बिक्री की वजह से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 593.50 अंक लुढ़क कर 23,805.20 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 76.85 अंक रिकवर कर 516.65 अंक की गिरावट के साथ 23,882.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से सिर्फ चार के शेयर ही गेनर्स लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा सके। इन कंपनियों में ओएनजीसी के शेयर 1.15 प्रतिशत, बजाज ऑटो के शेयर 0.54 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 0.22 प्रतिशत और कोल इंडिया के शेयर 0.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर, जियो फाइनेंशियल 5.38 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एविएशन 5.02 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 4.91 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 4.04 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर 3.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक