
नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स.)। विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने शुभकामनाएं देते हुए संगठन की राष्ट्र निर्माण, छात्र हित और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।
केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री शाह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने वाला अभाविप छात्रशक्ति को संगठित कर उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के विरोध से लेकर पूर्वोत्तर में घुसपैठ जैसी राष्ट्रीय चुनौतियों तक परिषद ने सदैव युवाओं को राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी बनाया है और आगे भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने के लिए युवा पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने अभाविप को राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित संगठन बताते हुए कहा कि परिषद देश की युवाशक्ति को राष्ट्रसेवा और राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ अभाविप कई दशकों से विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन नई ऊर्जा के साथ विद्यार्थी हित और राष्ट्रहित की अपनी गौरवशाली यात्रा को आगे बढ़ाता रहेगा।
केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने परिषद को भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और राष्ट्र की एकता-अखंडता के मूल्यों से प्रेरित संगठन बताते हुए कहा कि यह युवाओं के चरित्र निर्माण और समाजसेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने विद्यार्थी परिषद से जुड़े अनुभव साझा करते हुए कहा कि परिषद ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें केवल अपने लिए नहीं, बल्कि देश और समाज के लिए जीने की प्रेरणा दी। उन्होंने 'ज्ञान, शील, एकता-परिषद की विशेषता' मंत्र को स्मरण करते हुए परिषद के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याणमंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि अभाविप ने स्वामी विवेकानंद के राष्ट्र पुनर्निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए युवाओं में राष्ट्रसेवा, कर्तव्यबोध और सामाजिक उत्थान की भावना विकसित की है। उन्होंने संगठन के पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में अपने लंबे अनुभव का भी उल्लेख किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि अभाविप ने छात्रों में 'राष्ट्र प्रथम' की भावना, सांस्कृतिक चेतना और नेतृत्व क्षमता विकसित कर देश के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
केंद्रीय जल शक्तिमंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि परिषद ने शिक्षा, संगठन, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को आत्मसात करते हुए छात्रशक्ति को सकारात्मक दिशा प्रदान की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभाविप को 'ज्ञान, शील और एकता' के मंत्र के साथ युवाशक्ति को सकारात्मक दिशा देने वाला संगठन बताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में राष्ट्रवाद, अनुशासन और सेवा की भावना जागृत करने में अभाविप की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि परिषद से मिले संस्कार उनके सार्वजनिक जीवन की अमूल्य पूंजी हैं और संगठन के कार्यकर्ता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम योगदान दे रहे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण, छात्र हितों के संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अभाविप का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने संगठन के सभी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी