एडीबी ने 2026-27 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान घटाकर 6.60 फीसदी किया

युगवार्ता    09-Jul-2026
Total Views |
जीडीपी वृद्धि दर के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स)। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के बाद अब एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने पश्चिम एशिया संकट के कारण ऊर्जा कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के मद्देनजर चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर का अनुमान 6.90 प्रतिशत से घटाकर 6.60 फीसदी कर दिया है।

एडीबी ने गुरुवार को जारी एशियाई विकास परिदृश्य (एडीओ) जुलाई 2026 रिपोर्ट में कहा गया कि भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए घटाकर 6.6 फीसदी किया गया है। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2027-28 के लिए इसे 7.3 फीसदी पर बरकरार रखा गया है। हालांकि, आर्थिक वृद्धि दर में इस कमी के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है।

एशियाई विकास बैंक की रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान अप्रैल में लगाए गए 6.9 फीसदी से घटाया गया है क्योंकि ऊर्जा की ऊंची कीमतों से वास्तविक आय पर दबाव पड़ रहा है।’’ इस रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2027-28 के लिए आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को अप्रैल के स्तर पर ही रखा गया है।

रिपोर्ट में कहा गया कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और मौसम संबंधी कारणों से कृषि क्षेत्र में संभावित कमजोरी जैसे जोखिम बने हुए हैं। एशियाई विकास बैंक की रिपोर्ट में महंगाई (मुद्रास्फीति) के अनुमान को अप्रैल के 4.5 फीसदी से बढ़ाकर 5.2 फीसदी कर दिया गया है। हालांकि, वित्त वर्ष 2027-28 के लिए मुद्रास्फीति का अनुमान चार फीसदी पर बरकरार रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भारतीय अर्थव्यवस्था 2026-27 में 6.4 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान जताया है, जो अप्रैल में लगाए गए 6.5 फीसदी के अनुमान से थोड़ा कम है। वहीं, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने भी 2026-27 के लिए जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान पिछले महीने 6.9 फीसदी से घटाकर 6.6 फीसदी कर दिया था, जबकि मुद्रास्फीति का अनुमान 4.6 फीसदी से बढ़ाकर 5.1 फीसदी किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags