

नई दिल्ली/बेंगलुरु, 09 जुलाई (हि.स)। भारत के घरेलू ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस फ्लिपकार्ट ने गुरुवार को बताया कि उसकी फूड एंड न्यूट्रिशन कैटेगरी में सालाना आधार पर 50 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
कंपनी ने कहा कि इस बढ़ोतरी में जेन जी ग्राहकों के साथ-साथ धुलिया, इंफाल, धारवाड़, उज्जैन, हुबली, मीरगंज और लहरपुर सहित कई टियर-2 और अन्य शहरों के ग्राहकों का अहम योगदान रहा। वहीं, कुल मांग में फ्लिपकार्ट मिनट्स की 25 फीसदी हिस्सेदारी के साथ क्विक कॉमर्स इस वृद्धि में अहम भूमिका निभा रहा है।
फ्लिपकार्ट ने कहा कि इस मांग को सबसे ज्यादा तेजी ऐसे युवा ग्राहक दे रहे हैं, जो कहीं रेसिपी देखकर, क्रिएटर्स की रिकमेंडेशन पर या वेलनेस ट्रेंड्स के आधार पर प्रोडक्ट्स खोजते हैं। इसमें ऐसे नॉन-मेट्रो शॉपर्स भी शामिल हैं, जो अपनी रसोई में ज्यादा स्वास्थ्य से भरपूर और मॉडर्न न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स को शामिल कर रहे हैं।
इस विकास की झलक फ्लिपकार्ट फूड फेस्ट 2026 के तीसरे संस्करण में नजर आई, जिसमें 50 से ज्यादा अग्रणी ब्रांड्स, 1000 से ज्यादा क्रिएटर्स और सेलेब्रिटी शेफ साथ आए। इनमें फराह खान, शेफ कुणाल कपूर और शेफ रणवीर ब्रार के नाम उल्लेखनीय हैं।
स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने वाली जीवनशैली की ओर बढ़ता झुकाव
ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस फ्लिपकार्ट ने कहा कि सालाना वृद्धि में 60 फीसदी हिस्सेदारी जेन जी की है। इस पीढ़ी के ग्राहकों की मांग में प्रोटीन ओट्स, हाई प्रोटीन पीनट बटर, गॉमे चॉकलेट और प्रोटीन मुसली जैसे प्रोडक्ट्स सबसे ऊपर हैं। कोरियन-फ्लेवर्ड स्नैक जैसे कप्पा नूडल्स और चिप्स भी तेजी से बढ़ने वाली कैटेगरी के रूप में सामने आ रहे हैं। बेंगलुरु और नई दिल्ली जैसे शहरी इलाकों से इनकी मांग निकल रही है।
कंपनी के मुताबिक पुरुषों में नट्स, ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट और जैम एवं स्प्रेड्स की मांग बढ़ी है, जबकि महिलाएं वैल्यू एडेड टी, कॉफी और इडिबल सीड्स को अपने शॉपिंग बास्केट का हिस्सा बना रही हैं। इससे फंक्शनल न्यूट्रिशन, प्रीमियम स्नैकिंग और एवरीडे हेल्थ अपग्रेड की मांग को गति मिल रही है।
वहीं, टियर 2+ के ग्राहक अब स्वस्थ विकल्पों को अपना रहे हैं। इससे कोल्ड-प्रेस्ड ऑयल, ऑलिव ऑयल, प्रोटीन ओट्स, प्रोटीन मुसली, प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स, ऑथेंटिक घी और डेट्स की मांग बढ़ी है। पिछले सालभर में इन प्रोडक्ट्स के बारे में सर्च 80 प्रतिशत तक बढ़ा है। इससे टियर 2 और टियर 3 शहरों में वेलनेस प्रोडक्ट्स की ओर बढ़ता रुझान साफ नजर आ रहा है।
फ्लिपकार्ट के वाइस प्रेसिडेंट, कंज्यूमेबल्स (एफएमसीजी एवं जनरल मर्चेंडाइज) निशांत दलाल ने कहा, अब भारत में खाना सिर्फ दिनचर्या का हिस्सा नहीं रह गया है। यह तेजी से वेलनेस, आइडेंटिटी और डिस्कवरी का मामला बनता जा रहा है। मेट्रो शहरों के साथ-साथ नॉन-मेट्रो शहरों के उपभोक्ता भी अपने खाने के विकल्पों को लेकर बेहद सजग हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल कॉमर्स ने बेहतर खाद्य विकल्पों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना पहले से कहीं आसान बना दिया है। फ्लिपकार्ट में हम ऐसा इकोसिस्टम तैयार कर रहे हैं, जिसमें हर छोटा-बड़ा ब्रांड आगे बढ़ सके, क्रिएटर्स खोज को प्रेरित कर सकें और उपभोक्ता अपनी बदलती जीवनशैली के अनुरूप आत्मविश्वास के साथ सही प्रोडक्ट्स तक पहुंच सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर