नेपाल में भारतीय राजदूत ने प्रतिनिधि सभा के स्पीकर ने मुलाकात की

युगवार्ता    09-Jul-2026
Total Views |
नेपाल में भारत के राजदूत से मुलाकात करते नेपाल के स्पीकर


काठमांडू, 09 जुलाई (हि.स.)।नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने संघीय संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के स्पीकर डोलप्रसाद अर्याल से गुरुवार को शिष्टाचार मुलाकात की।

सिंहदरबार में हुई इस मुलाकात के दौरान अर्याल ने कहा कि सरकार ने अपने पहले 100 दिन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने हाल ही में संपन्न आम चुनाव के दौरान भारत सरकार द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

अर्याल ने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध साझा सभ्यता, भौगोलिक निकटता तथा सांस्कृतिक एवं सामाजिक रिश्तों पर आधारित हैं। उन्होंने व्यापार, सुरक्षा, नागरिक उड्डयन, जल संसाधन और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में विभिन्न द्विपक्षीय तंत्रों के माध्यम से दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत होने की बात कही।

उन्होंने कहा कि उच्चस्तरीय दौरों के आदान-प्रदान ने दोनों देशों के संबंधों को और सशक्त बनाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नागरिक उड्डयन, रेल और बस सेवाओं के विस्तार से दोनों देशों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा भविष्य में नई उड़ानों, रेल सेवाओं और बस मार्गों का विस्तार किया जाएगा।

स्पीकर अर्याल ने बताया कि उन्होंने भारत की लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला को नेपाल आने का निमंत्रण दिया है। इससे पहले बैठक के दौरान नवीन श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि ओम बिरला नेपाल यात्रा के इच्छुक हैं। उन्होंने नेपाल के सभामुख और सांसदों को भारत की संसदीय कार्यप्रणाली का अध्ययन और अवलोकन करने के लिए भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

राजदूत श्रीवास्तव ने विश्वास व्यक्त किया कि संसदीय कूटनीति और उच्चस्तरीय राजनीतिक संवाद नेपाल-भारत संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भारत सरकार व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर निरंतर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags