तमिलनाडु प्रीमियर लीग का 4 अगस्त से आगाज, 28 अगस्त को चेन्नई में होगा फाइनल

युगवार्ता    09-Jul-2026
Total Views |
तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2026 का शेड्यूल जारी


चेन्नई, 09 जुलाई (हि.स.)।तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ने तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनपीएल) 2026 के 10वें संस्करण का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। टूर्नामेंट का आगाज 4 अगस्त को नाथम (डिंडीगुल) में होगा, जबकि 28 अगस्त को चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

इस बार प्रतियोगिता को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 4 से 15 अगस्त तक नाथम में खेला जाएगा। इसके बाद 16 और 17 अगस्त को विश्राम रहेगा। दूसरा चरण 18 अगस्त से चेन्नई में शुरू होगा, जहां लीग मुकाबलों के साथ नॉकआउट मैच भी खेले जाएंगे। पूरे टूर्नामेंट में 22 डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) और 10 सिंगल मैच डे होंगे।

पहले दिन होगा डिंडीगुल ड्रैगन्स और तिरुप्पुर तमिझांस का मुकाबला

टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में आईड्रीम तिरुप्पुर तमिझांस का सामना डिंडीगुल ड्रैगन्स से 4 अगस्त को शाम 7:30 बजे नाथम में होगा। लीग चरण में चेपॉक सुपर गिलीज, नेल्लई रॉयल किंग्स, कोवाई किंग्स, मदुरै पैंथर्स, त्रिची ग्रैंड चोलाज, एसकेएम सेलम स्पार्टन्स, डिंडीगुल ड्रैगन्स और आईड्रीम तिरुप्पुर तमिझांस की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। दूसरे चरण के मुकाबले 18 अगस्त से चेन्नई में खेले जाएंगे और शीर्ष चार टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी।

टीएनपीएल का 10वां संस्करण एक बार फिर तमिलनाडु के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए रोमांचक मुकाबलों से भरपूर रहने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags