मौसम में सुधार के बाद बालटाल मार्ग से फिर शुरू हुई अमरनाथ यात्रा

युगवार्ता    01-Aug-2026
Total Views |

बालटाल, 01 अगस्त (हि.स.)। खराब मौसम और आवश्यक मरम्मत कार्यों के कारण एक दिन के लिए स्थगित की गई वार्षिक अमरनाथ यात्रा शनिवार को बालटाल मार्ग से पुनः शुरू हो गई। मौसम में सुधार और मार्ग की मरम्मत पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन की अनुमति दे दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह से बालटाल मार्ग पर तीर्थयात्रा सामान्य रूप से संचालित की जा रही है। श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पवित्र गुफा मंदिर की ओर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि मार्ग की स्थिति सुरक्षित होने के बाद यात्रा बहाल करने का निर्णय लिया गया।

लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण शुक्रवार को बालटाल मार्ग से यात्रा एहतियातन स्थगित कर दी गई थी। बारिश के चलते मार्ग को मामूली क्षति पहुंची थी, जिसके बाद मरम्मत कार्य कराया गया। हालांकि, आवश्यक मरम्मत कार्य जारी रहने के कारण पहलगाम मार्ग से यात्रा फिलहाल स्थगित है।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की वार्षिक अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू हुई थी। अब तक लगभग साढ़े चार लाख श्रद्धालु प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Tags