जुलाई में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन में 15.40 प्रतिशत की बढ़ोतरी, 2.11 लाख करोड़ से अधिक कलेक्शन

युगवार्ता    01-Aug-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। जुलाई के महीने में गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) का कलेक्शन वार्षिक आधार पर 15.40 प्रतिशत बढ़ कर 2.11 लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार कर गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 में दूसरी बार ग्रॉस गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स कलेक्शन दो लाख करोड़ रुपये के स्तर से अधिक हुआ है। इसके पहले अप्रैल के महीने में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन लगभग 2.43 लाख करोड़ रुपये हुआ था, जो अभी तक जीएसटी कलेक्शन का ऑल टाइम हाई रिकॉर्ड है।

वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले साल जुलाई के महीने में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1.83 लाख करोड़ रुपये रहा था। इसी तरह साल 2026 में जुलाई के पूर्ववर्ती महीने की बात की जाए तो जून 2026 में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1.95 लाख करोड रुपये का था। इस तरह जुलाई 2026 में वार्षिक और मासिक दोनों आधार पर ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन में बढ़ोतरी हुई है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार जुलाई 2026 में इंपोर्ट के मद में जीएसटी कलेक्शन 28.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66,511 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह डोमेस्टिक ट्रांजेक्शन से होने वाला जीएसटी कलेक्शन भी 10.10 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1.45 लाख के स्तर पर पहुंच गया।

वित्त मंत्रालय की और से आज जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार इस साल जुलाई के महीने में कलेक्ट हुए कुल जीएसटी का आंकड़ा 2,11,205 करोड़ रुपये का रहा। इस महीने के दौरान सेंट्रल गुड्स एंड सर्विस टैक्स (सीजीएसटी) से 39,835 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। इसी तरह स्टेट गुड्स एंड सर्विस टैक्स (एसजीएसटी) से 47,881 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया गया। वहीं, इंटीग्रेटेड गुड्स एंड सर्विस टैक्स (आईजीएसटी) से 1.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन हुआ।

अगर टैक्स रिफंड की बात की जाए तो जुलाई के महीने के दौरान टोटल टैक्स रिफंड की राशि 13.10 प्रतिशत बढ़ कर 29,968 करोड़ रुपये रहा। रिफंड को एडजस्ट करने के बाद ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यू 1.81 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags