देश के पूर्वोत्तर व उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में इस हफ्ते भारी वर्षा के आसार

युगवार्ता    01-Aug-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। देश के पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों पर इस सप्ताह भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हल्की बारिश होने का अनुमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर मध्यम हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। रात में भी यही सिलसिला जारी रह सकता है। राजधानी में इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32-34 डिग्री सेल्सियस और 25-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। तीन एवं चार अगस्त को भी यही स्थिति बनी रहेगी। इस दिन का तापमान भी सामान्य रहने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत के हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान और पंजाब में 2-5 अगस्त के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। मध्य भारत के पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं 4-7 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी भारत के अंडमान- निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल , झारखंड, बिहार और ओडिशा में 2-7 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5-7 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में अगले 5-6 दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान गुजरात क्षेत्र में कुछ जगहों पर बहुत अधिक भारी बारिश (30 सेमी), मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बहुत अधिक भारी बारिश (21 सेमी) दर्ज, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तटीय कर्नाटक, मेघालय में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी), उत्तराखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, झारखंड, लक्षद्वीप और नगालैंड में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags