
मुरादाबाद, 01 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद के युवा क्रिकेटर मो. उस्मान ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के दम पर यूपी टी-20 लीग 2026 के लिए काशी रुद्रास टीम में जगह बनाई है। टी-20 लीग 14 अगस्त से होगा।
उस्मान नौ वर्षों से क्रिकेट खेल रहे हैं। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले मो. उस्मान के पिता नईम अहमद ने सीमित संसाधनों के बावजूद उनके क्रिकेट के सपने को पूरा करने में हर कदम पर साथ दिया। उस्मान वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश की अंडर-14 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज होने के साथ-साथ राइट आर्म बॉलर भी हैं।
काशी रुद्रास टीम में चयन होने पर उस्मान ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा अवसर है। उन्होंने अपने माता-पिता, क्रिकेट कोच बदर उद्दीन और उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य काशी रुद्रास के लिए शानदार प्रदर्शन करना है।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता ने कहा कि उस्मान हमेशा से मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी रहे हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि उस्मान यूपी टी-20 लीग में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे और भविष्य में भारतीय क्रिकेट में भी अपनी पहचान बनाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल