राष्ट्रमंडल खेल : पैरा शॉटपुट एफ57 में भारत का डबल पोडियम, सोमन राणा ने जीता स्वर्ण, शुभम को रजत

युगवार्ता    01-Aug-2026
Total Views |
सोमन राणा


ग्लासगो, 01 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल में भारतीय पैरा एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को पुरुषों की शॉटपुट एफ57 स्पर्धा में ऐतिहासिक डबल पोडियम हासिल किया। सोमन राणा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि शुभम जुयाल ने रजत पदक अपने नाम किया।

कैमरून के सेड्रिक इद्रिस लेकेजो अजामद्जी 12.57 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।

यह राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पुरुषों की शॉटपुट एफ57 स्पर्धा में भारत का पहला स्वर्ण पदक है। साथ ही इस स्पर्धा में पहली बार भारत के दो खिलाड़ियों ने एक साथ पोडियम पर जगह बनाई।

10 खिलाड़ियों की प्रतियोगिता में सभी एथलीटों को छह-छह प्रयास मिले। भारतीय खिलाड़ियों में सबसे पहले शुभम जुयाल ने अपना अभियान शुरू किया और पहले ही प्रयास में 13.08 मीटर की दूरी तय कर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। उनका अंतिम प्रयास 13.28 मीटर रहा, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साबित हुआ।

हालांकि, इसके बाद मैदान में उतरे सोमन राणा ने दूसरे प्रयास में 13.40 मीटर का शानदार थ्रो कर शुभम को पीछे छोड़ दिया और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इसके बाद कोई भी खिलाड़ी उनके प्रदर्शन को पार नहीं कर सका।

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है, जबकि शुभम जुयाल देश के सातवें रजत पदक विजेता बने।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags