गुजरात में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, अहमदाबाद समेत 16 जिलों में रेड अलर्ट

युगवार्ता    01-Aug-2026
Total Views |
मूसलाधार बारिश की आगाही


अहमदाबाद, 01 अगस्त (हि.स.)। गुजरात में सक्रिय वर्षा प्रणाली के चलते मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग ने अहमदाबाद सहित 16 जिलों में रेड अलर्ट और राज्य के शेष सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात, कच्छ और उत्तर सौराष्ट्र के क्षेत्रों में तेज हवाओं, बिजली की कड़क-चमक और भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। जिन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है उनमें कच्छ, देवभूमि द्वारका, जामनगर, मोरबी, सुरेंद्रनगर, अहमदाबाद, पाटन, मेहसाणा, गांधीनगर, साबरकांठा, अरावली, महीसागर, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद और भावनगर शामिल हैं।

जबकि राजकोट, जूनागढ़, पोरबंदर, गिर सोमनाथ, अमरेली, वडोदरा, छोटा उदयपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग और वलसाड समेत राज्य के अन्य सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जहां मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के नाउकास्ट बुलेटिन के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमों को सतर्क रहने और आवश्यक संसाधनों के साथ स्टैंडबाय पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना आवश्यक कारण घर से बाहर न निकलें, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें। तेज हवा, बिजली गिरने और जलभराव की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags