नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर रेलवे ने जम्मू-कश्मीर के बड़गाम से दिल्ली के आदर्शनगर के बीच चलने वाली कार्गो पार्सल ट्रेन सेवा बंद होने के दावे को खारिज करते हुए सोमवार को कहा कि यह सेवा पूरी तरह परिचालन में है और सितंबर 2025 से लगातार जारी है। रेलवे ने कहा कि यह सेवा कश्मीर घाटी के किसानों, बागवानों और व्यापारियों के लिए लाभकारी साबित हो रही है।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर निशाना साधते हुए दावा किया था कि बड़गाम-आदर्शनगर के बीच शुरू की गई पार्सल ट्रेन सेवा बंद कर दी गई है और यह महज एक ‘पीआर स्टंट’ बनकर रह गई है। उन्होंने कहा था कि इससे कश्मीर के फल उत्पादकों को नुकसान हो रहा है।
उत्तर रेलवे ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से जवाब देते हुए कहा कि बड़गाम से आदर्शनगर, दिल्ली के बीच चलने वाली कार्गो पार्सल ट्रेन सेवा पूरी तरह परिचालन में है और इसे कभी बंद नहीं किया गया। रेलवे के मुताबिक, यह सेवा सितंबर 2025 से लगातार संचालित हो रही है।
रेलवे ने बताया कि पार्सल ट्रेन के माध्यम से फल, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पादों को किफायती, तेज और सुरक्षित तरीके से देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। राजमार्गों पर भूस्खलन या यातायात जाम जैसी परिस्थितियों में यह सेवा घाटी के बागवानों और कारोबारियों के लिए वैकल्पिक परिवहन माध्यम के रूप में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार गाड़ी संख्या 00462 बड़गाम-आदर्शनगर ने एसएलआर सहित कुल 332 वीपी (वैन पार्सल) के माध्यम से 7,389 टन माल का परिवहन किया है। वहीं, गाड़ी संख्या 00461 आदर्शनगर-दिल्ली से बड़गाम के बीच कुल 786 वीपी (एसएलआर सहित) के जरिए 17,450 टन माल का परिवहन किया गया है।
उत्तर रेलवे ने इन आंकड़ों के आधार पर कहा कि कार्गो पार्सल ट्रेन सेवा कश्मीर के कृषि उत्पादों को देश के अन्य हिस्सों के बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार