लोकसभा अध्यक्ष ने की गतिरोध समाप्त करने की अपील

युगवार्ता    10-Aug-2026
Total Views |
कार्य मंत्रणा समिति की बैठक का दृष्य


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक में भावुक अपील की। उन्होंने सदन में बने गतिरोध पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी दलों के नेताओं से कहा कि जनता की आवाज सदन में सुनाई देनी चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक बीएसी की बैठक में अध्यक्ष ने सभी दलों से मिलकर गतिरोध समाप्त करने का रास्ता निकालने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल में महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के लिए जितना समय मांगेंगे उतना मिलेगा। जनता के मुद्दों को सदन के गलियारों में इंतजार करते हुए नहीं छोड़ा जा सकता। इन मुद्दों की आवाज इसी सदन में उठनी चाहिए। उन पर चर्चा होनी चाहिए और उनका समाधान तलाशा जाना चाहिए।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यों की प्रभावी भागीदारी हो और सदन की सार्थक और रचनात्मक विचार-विमर्श को देश सुने अब इस दिशा में सभी विचार करें। लोकसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से सदन की कार्यवाही सुचारु, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित हो, ताकि जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक और सार्थक चर्चा हो सके।

मानसून सत्र को शुरु हुए दो सप्ताह से ज्यादा समय हो गया है लेकिन दोनों सदनों में गतिरोध जारी है। सदन में सुचारू कामकाज के लिए बनी बीएसी में भी सहमति नहीं बन पा रही है। विपक्ष ने सरकार से दो विधेयकों को संसदीय जांच के लिए भेजने की मांग की है। इनमें राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 शामिल हैं।

इसके अलावा विपक्ष ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन और कथित ‘राम मंदिर चंदा चोरी’ के मुद्दे पर भी चर्चा की मांग की है। विपक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उसकी दोनों मांगें स्वीकार नहीं की जातीं, तब तक वह सदन की कार्यवाही नहीं चलने देगा।

बताया जा रहा है कि सरकार ने छात्रों के प्रदर्शन के मुद्दे पर चर्चा के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमति जताई है। इसमें गृहमंत्री की ओर से जवाब दिए जाने की बात है। हालांकि, विपक्ष दोनों मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग पर अड़ा हुआ है। वहीं बीएसी की बैठक में एफसीआरए विधेयक या परिसीमन विधेयक का कोई उल्लेख नहीं हुआ।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags