
मेदिनीपुर, 10 अगस्त (हि. स.)। दिल्ली के जहांगीरपुरी में गत 19 जुलाई को हुई हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर को नंदीग्राम से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान बिहार निवासी वसीम अकरम उर्फ लंबू के रूप में हुई है।
नंदीग्राम पुलिस के अनुसार, हत्या की घटना के बाद वसीम अकरम नंदीग्राम के चौरंगी स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपकर रह रहा था। दिल्ली पुलिस को उसके नंदीग्राम में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद नंदीग्राम थाना पुलिस के सहयोग से उसकी तलाश शुरू की गई। दिल्ली पुलिस और नंदीग्राम थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
नंदीग्राम थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि वसीम अकरम दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई हत्या के मामले में प्रमुख आरोपितों में शामिल है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित को नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस अब उसे अपने साथ ले जाकर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता