(अपडेट) छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल पांच दिनों की ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर

युगवार्ता    11-Aug-2026
Total Views |
रामगोपाल अग्रवाल के साथ  पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,फाइल फोटो


रायपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) ने गिरफ्तार कर आज सेंट्रल जेल से रायपुर की अदालत में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पेश किया गया। जहां से उन्हें 5 दिन की ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया गया है। ईडी उनसे अगले पांच दिनों तक शराब घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ करेगी।

प्रवर्तन निदेशालय के अधिवक्ता सौरभ कुमार पाण्डेय ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रहे रामगोपाल अग्रवाल जो कि वर्तमान में रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद है। वहां पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम गई हुई थी और उन्हें शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार करने के बाद सक्षम न्यायालय में 7 दिनों की कस्टोडियल रिमांड की मांग प्रवर्तन निदेशालय ने की । ईडी की विशेष अदालत में रामगोपाल अग्रवाल की पेशी होनी थी, लेकिन विशेष न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायालय में हुई। अदालत ने ईडी की मांग पर रामगोपाल अग्रवाल की 5 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर की है ।

रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद 17 अगस्त 2026 को रामगोपाल अग्रवाल को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि नकली गवाह हैं, इनके पास कोई सबूत नहीं है। केवल परेशान करने के लिए सारी कार्रवाई कर रहे हैं।

बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने बताया कि रामगोपाल अग्रवाल को पहले छत्तीसगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और एंटी करप्शन ब्यूरो ने कोयला लेवी और शराब घोटाले से जुड़े मामलों में जुलाई में गिरफ्तार किया था। वे पहले से ही न्यायिक हिरासत के तहत रायपुर की सेंट्रल जेल में बंद थे। मंगलवार (11 अगस्त) को ईडी की टीम ने जेल के भीतर ही कागजी कार्रवाई पूरी कर उन्हें प्रोडक्शन वारंट के आधार पर विशेष अदालत में पेश किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Tags