सीजेपी संस्थापक दीपके ने देवेंद्रनाथ महतो का जाना हालचाल

युगवार्ता    11-Aug-2026
Total Views |
वीडियो कॉल पर बात करते अभिजीत दीपके और देवेंद्र महतो


रांची (झारखंड), 11 अगस्त (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) संस्थापक अभिजीत दीपके ने जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलनरत छात्र नेता और सदर अस्पताल में भर्ती देवेंद्रनाथ महतो से मंगलवार देररात वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बातचीत के दौरान दीपके ने महतो के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी देररात सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से देवेंद्रनाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उनके बेहतर इलाज एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने चिकित्सकों से महतो के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने को भी कहा।

डुमरी विधायक जयराम महतो भी देररात अस्पताल पहुंचे और देवेंद्रनाथ महतो से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

आंदोलनकारी देवेंद्रनाथ महतो की भूख हड़ताल का आज 10वां दिन और आंदोलन का 18वां दिन है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महतो के स्वास्थ्य को लेकर उनके समर्थकों और आंदोलनकारी छात्रों में भी चिंता बनी हुई है। आंदोलन से जुड़े छात्रों का कहना है कि महतो की स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद उनकी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से बातचीत के माध्यम से मांगों का समाधान निकालने की अपेक्षा जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Tags