मप्र के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के एसी कोच में लगी आग

युगवार्ता    11-Aug-2026
Total Views |
जबलपुर स्टेशन पर ट्रेन में आग लगने से धुआं निकलते हुए


जबलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह प्लेटफार्म नंबर 6 पर खड़ी एक ट्रेन के एसी कोच में आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।

यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। प्लेटफार्म नंबर 6 पर खड़ी ट्रेन के कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देख रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और दमकल को सूचना दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक जिस कोच में आग लगी, वह यात्रियों के इस्तेमाल में नहीं आता है। इसका उपयोग रेलवे द्वारा डिपार्टमेंटल और इंटरनल कार्यों के लिए किया जाता है। आग लगने के समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि कोच में आग लगने की घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को समय रहते बुझा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags