
काठमांडू, 11 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के म्याग्दी जिले के अन्नपूर्ण गांवपालिका स्थित पोखरेबगर में घारखोला जलविद्युत परियोजना के पावरहाउस में मंगलवार सुबह भूस्खलन होने से एक व्यक्ति लापता हो गया, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
भूस्खलन के दौरान पावरहाउस में कार्यरत अन्नपूर्ण निवासी 55 वर्षीय दीपक बरुवाल को लापता बताया जा रहा है। वहीं, गौरीगंगा नगरपालिका निवासी 31 वर्षीय सुरेंद्र विक घायल हो गए हैं।
पुलिस निरीक्षक सागर तिमिल्सिना के अनुसार, नेपाल पुलिस, नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की टीम लापता दीपक बरुवाल की तलाश में जुटी हुई है। घायल सुरेंद्र विक को मलबे से सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और आगे के उपचार के लिए प्रदेश अस्पताल, बेनी भेजा गया है।
बताया गया है कि आज सुबह पावरहाउस के ऊपरी हिस्से में स्थित पहाड़ से पत्थरों के साथ मलबा पावरहाउस पर गिरा। भूस्खलन से म्याग्दी हाइड्रोपावर द्वारा प्रवर्द्धित 14 मेगावाट क्षमता वाली घारखोला जलविद्युत परियोजना के पावरहाउस में लगे उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने के कारण परियोजना से विद्युत उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास