नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह जल्द करेंगे भारत का दौरा

युगवार्ता    11-Aug-2026
Total Views |
नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह के साथ भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव


काठमांडू, 11 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। सोमवार को सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से पहली मुलाकात में शाह ने यह जानकारी दी। इस दौरान भारतीय राजदूत श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री शाह को भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुभकामना संदेश और भारत यात्रा का औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा।

प्रधानमंत्री सचिवालय के एक सदस्य के अनुसार, राजदूत ने शाह से भारत यात्रा करने का आग्रह भी किया। इसके जवाब में प्रधानमंत्री शाह ने कहा, “निमंत्रण के लिए धन्यवाद। मैं जल्द ही भारत का दौरा करूंगा।” इससे पहले प्रधानमंत्री बनने के बाद राजदूतों से अकेले मुलाकात नहीं करने की नीति अपनाते हुए शाह ने अब तक सामूहिक रूप से राजदूतों से मुलाकात की है।

प्रधानमंत्री बनने के करीब साढ़े चार महीने बाद सोमवार को उन्होंने पहली बार एक ही दिन भारतीय और चीनी राजदूत से मुलाकात की। प्रधानमंत्री शाह के साथ उनके प्रमुख निजी सचिव सुवास शर्मा, आईटी सलाहकार विवेक मिश्र और विदेश मंत्रालय के भारत डेस्क के प्रमुख सहसचिव सहित दो अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, भारतीय राजदूत श्रीवास्तव के साथ डिप्टी चीफ ऑफ मिशन और राजनीतिक अधिकारी शामिल रहे।

प्रधानमंत्री बनने के बाद किसी भारतीय अधिकारी के साथ शाह की यह पहली औपचारिक मुलाकात रही। बैठक करीब आधे घंटे में समाप्त हो गई।

प्रधानमंत्री की टीम के एक सलाहकार ने कहा, “सोमवार को ही प्रधानमंत्री को यात्रा का निमंत्रण मिला है। इससे प्रधानमंत्री के भारत दौरा का रास्ता खुल गया है। अब यात्रा कब करनी है, यह प्रधानमंत्री पर निर्भर करता है।”

प्रधानमंत्री शाह ने अब तक किसी भारतीय अधिकारी से मुलाकात नहीं की थी, जिसके कारण उनकी संभावित भारत यात्रा को लेकर सवाल उठ रहे थे। इसी बीच जुलाई के पहले हफ्ते में प्रधानमंत्री के प्रमुख सलाहकार कुमार बेन दिल्ली पहुंचे थे। वहां उन्होंने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और उनकी टीम के साथ बातचीत की थी।

बताया जाता है कि बेन का दिल्ली दौरा प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा की जमीन तैयार करने के प्रयास के तहत हुआ था। दिल्ली जाने से पहले और लौटने के बाद भी बेन ने भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव के साथ बातचीत की थी। कुमार बेन से पहले विदेश मंत्री शिशिर खनाल और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने भी भारत का दौरा कर चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags