राष्ट्रपति गुरुवार को 115 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदान करेंगी

युगवार्ता    11-Aug-2026
Total Views |
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 13 अगस्त को यहां विज्ञान भवन में आयोजित विशेष समारोह में वर्ष 2024 और 2025 के लिए 115 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और पुरस्कार प्रदान करेंगी।

संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, पुरस्कार समारोह में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संस्कृति राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल और संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा भी मौजूद रहेंगी।

चयनित कलाकार देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। इनमें संगीत, नृत्य, नाटक, लोक एवं जनजातीय कला, कठपुतली, मुखौटा निर्माण, वाद्य यंत्र निर्माण और रंगमंच से जुड़ी विभिन्न विधाओं के कलाकार शामिल हैं।

संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार वर्ष 1952 से प्रदान किए जा रहे हैं। ये पुरस्कार प्रदर्शनकारी कलाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि और लंबे समय तक किए गए योगदान को सम्मानित करते हैं।

अकादमी फेलोशिप (अकादमी रत्न) के लिए सात कलाकारों का चयन किया गया है। इनमें रामलाल बरेठ, ए.वी. आनंद, रीता गांगुली, पुरु दधेीच, चित्तरंजन ज्योतिषी, पसुमार्थी रत्तैया शर्मा और सुधरानी रघुपति शामिल हैं।

वर्ष 2024 के अकादमी पुरस्कारों के लिए संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोक एवं जनजातीय कला सहित विभिन्न क्षेत्रों के 54 कलाकारों का चयन किया गया है। इनमें बांसुरी वादक राकेश चौरसिया, अभिनेता अरुण नालवड़े, लोक नृत्यांगना गुलाबी सपेरा और अन्य कलाकार शामिल हैं।

वर्ष 2025 के अकादमी पुरस्कारों के लिए भी 54 कलाकारों का चयन किया गया है। इनमें भरतनाट्यम की रोजा कन्नन, कथक से जुड़े कृष्ण मोहन मिश्रा महाराज, रंगमंच निर्देशक कपिलदेव चंद्रकांत शुक्ला, लोक संगीत कलाकार भेरू सिंह चौहान और अन्य कलाकार शामिल हैं।

अकादमी फेलो को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है, जबकि अकादमी पुरस्कार से सम्मानित कलाकारों को एक लाख रुपये मिलते हैं। इसके अलावा सभी सम्मानित कलाकारों को ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags