
चेन्नई, 12 अगस्त (हि.स.)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम चेन्नईयिन एफसी ने बुधवार को फ्रांस के आक्रामक मिडफील्डर मदीह तलाल के साथ करार करने की घोषणा की। 28 वर्षीय तलाल पिछले तीन वर्षों से भारतीय फुटबॉल में सक्रिय हैं और पंजाब एफसी, ईस्ट बंगाल एफसी तथा जमशेदपुर एफसी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
फ्रांस के फुटबॉल सिस्टम से निकले तलाल ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत आंजेर्स और अमियां के साथ की। इसके बाद उन्होंने स्पेन की लास रोजास और ग्रीस की एई किफिसिया के लिए भी खेला। तलाल ने 2023 में पंजाब एफसी के साथ भारतीय फुटबॉल में कदम रखा। अपने पहले भारतीय क्लब के लिए उन्होंने 22 मुकाबलों में छह गोल और 10 असिस्ट किए तथा लीग में सर्वाधिक असिस्ट करने वाले खिलाड़ी रहे।
इसके बाद उन्होंने ईस्ट बंगाल एफसी और जमशेदपुर एफसी का भी प्रतिनिधित्व किया। उनकी रचनात्मकता और आक्रमण में योगदान को देखते हुए चेन्नईयिन एफसी ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। क्लब से जुड़ने के बाद तलाल ने कहा, “चेन्नईयिन एफसी से जुड़ना मेरे लिए एक रोमांचक नया अध्याय है। आईएसएल के सबसे सफल क्लबों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं अपने साथियों, कोचिंग स्टाफ के साथ काम शुरू करने और जुनूनी प्रशंसकों से जुड़ने के लिए उत्साहित हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “क्लब ने एक रोमांचक युवा टीम तैयार की है और मैं अपने अनुभव का योगदान देने के लिए उत्सुक हूं। हम सभी मिलकर अपने लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में काम करेंगे।”
वीटा दानी ने किया स्वागत
चेन्नईयिन एफसी की सह-मालिक वीटा दानी ने तलाल का क्लब में स्वागत करते हुए कहा, “हम मदीह तलाल का चेन्नईयिन एफसी में स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने अपनी निरंतरता, रचनात्मकता और महत्वपूर्ण मौकों पर प्रभाव छोड़ने की क्षमता के दम पर इंडियन सुपर लीग में मजबूत पहचान बनाई है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे