मयंक डागर ने की सार्थक रंजन की तारीफ, जिस तरह हमारे कप्तान खेल रहे हैं, वह शानदार है

युगवार्ता    12-Aug-2026
Total Views |
मयंक डागर


नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में मंगलवार को वेस्ट दिल्ली लायंस को आठ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम की जीत में गेंदबाज मयंक डागर और कप्तान सार्थक रंजन की अहम भूमिका रही।

जीत के बाद डागर ने कहा, “यह हमारे लिए बेहद शानदार और एकतरफा जीत थी। हमने गेंदबाजी में उन्हें कम स्कोर पर रोका और फिर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।”

उन्होंने टीम के संतुलन की तारीफ करते हुए कहा, “हमारा संयोजन बहुत अच्छा है। हर खिलाड़ी को अपनी भूमिका पता है और टीम में यह सबसे महत्वपूर्ण चीज है। हम सभी के बीच तालमेल बहुत अच्छा चल रहा है। अगर आप हमारी बल्लेबाजी देखें तो हमारे मध्यक्रम और निचले मध्यक्रम को अभी तक बल्लेबाजी करने का मौका ही नहीं मिला है। यह अच्छी बात है क्योंकि हमारे शीर्ष क्रम के बल्लेबाज जिम्मेदारी ले रहे हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”

डागर ने कप्तान सार्थक रंजन की शानदार फॉर्म की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “जिस तरह हमारे कप्तान खेल रहे हैं, वह शानदार है। हमने अंडर-16 और अंडर-19 स्तर से काफी क्रिकेट साथ खेली है। इसलिए मैंने उन्हें एक खिलाड़ी और एक इंसान के तौर पर आगे बढ़ते हुए देखा है। वह वास्तव में इस अवसर के हकदार हैं।”

डागर ने मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट लिए। अपनी खास विकेट सेलिब्रेशन के बारे में उन्होंने बताया कि यह फुटबॉल स्टार पॉल पोग्बा से प्रेरित है। उन्होंने कहा, “यह वास्तव में पॉल पोग्बा से प्रेरित है। जब मैंने पहली बार फुटबॉल देखना शुरू किया था, तब मैंने उन्हें यह सेलिब्रेशन करते देखा था और मुझे यह काफी पसंद आया। इसलिए मैंने आज इसे करने का फैसला किया।”

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस ने शुरुआती विकेट के लिए 36 रन जोड़े, लेकिन अंकित कुमार के 10 रन पर आउट होने के बाद टीम का मध्य क्रम लड़खड़ा गया। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की अनुशासित गेंदबाजी के सामने लायंस की टीम 59 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी।

इसके बाद मयंक गुसैन और सोम्बिर श्योकंद ने छठे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। श्योकंद ने 24 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि गुसैन 28 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्ट दिल्ली लायंस ने 20 ओवर में सात विकेट पर 146 रन बनाए।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से मयंक डागर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट लिए।

147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने शानदार शुरुआत की। कप्तान सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल ने पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी कर टीम की जीत लगभग तय कर दी।

रंजन ने 30 गेंदों पर 57 रन की शानदार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद भी कंडपाल ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 43 गेंदों पर 64 रन बनाकर नाबाद रहे।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने लक्ष्य आठ विकेट शेष रहते हासिल कर लिया और टूर्नामेंट में अपनी मजबूत स्थिति को और पुख्ता किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags