अमित मालवीय का कांग्रेस पर हमला, बोले- गाली-गलौज भारत के संस्कार नहीं

युगवार्ता    13-Aug-2026
Total Views |
अमित मालवीय फाइल फोटो


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करना कांग्रेस का इतिहास रहा है और उसे इसकी कीमत भी चुकानी पड़ी है।

मालवीय ने कांग्रेस नेताओं पर ‘अहंकार’ और ‘विशेषाधिकार की मानसिकता’ का आरोप लगाते हुए कहा कि देश ऐसे नेताओं को स्वीकार नहीं करेगा जो साधारण पृष्ठभूमि से उठकर प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। मालवीय ने अपने पोस्ट के अंत में कहा कि “गाली-गलौज और अपमान भारत के संस्कार नहीं हैं।” इस बयान के जरिए उन्होंने राजनीतिक विरोध में भाषा की मर्यादा बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।

अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के लिए ‘बंदर’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कांग्रेस की राजनीतिक भाषा और सोच को दर्शाता है। अमित मालवीय ने अपने पोस्ट में सवाल उठाया कि क्या इस तरह की टिप्पणी से किसी को वास्तव में आश्चर्य होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की ओर से पहली बार नहीं है और न ही आखिरी बार होगा जब प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है। मालवीय ने कांग्रेस के पुराने ‘चायवाला’ तंज का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साधारण पृष्ठभूमि को लेकर जिस तरह से उनका मजाक उड़ाया, उसका पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा और वह लगातार तीन कार्यकाल से केंद्र की सत्ता से बाहर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर सौ से अधिक अपमानजनक टिप्पणियों के बाद ‘बंदर’ वाला तंज कांग्रेस के प्रति लोगों की धारणा को और मजबूत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Tags