बलोचिस्तान के सुराब जिले में पाकिस्तानी वायु सेना की बमबारी में 20 से ज्यादा नागरिकों की मौत

युगवार्ता    13-Aug-2026
Total Views |
सांकेतिक।


इस्लामाबाद, 13 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान के बलोचिस्तान के राष्ट्रवादी और राजनीतिक संगठन बलोच नेशनल मूवमेंट (बीएनएम) ने बलोचिस्तान के सुराब (सोराब) जिले के गदर इलाके में पाकिस्तान वायुसेना की बमबारी को युद्ध अपराध बताया है। आबादी वाले इलाकों में जेट हमले में 10 साल से कम उम्र के मासूम बच्चों समेत 20 से ज्यादा आम नागरिक मारे गए हैं। बमबारी से बलोचिस्तान में मानवाधिकारों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार बीएनएम के प्रवक्ता ने कहा कि आम नागरिकों पर बमबारी करना और मासूम बच्चों की जान लेना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और जिनेवा कन्वेंशन का साफ उल्लंघन है। बलोचिस्तान में आम नागरिकों के खिलाफ पाकिस्तान सेना का इस्तेमाल रुकना चाहिए। बीएनएम ने यूरोपियन यूनियन और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से इस मानवीय संकट पर चुप रहने के बजाय तुरंत और असरदार कदम उठाने की अपील की है।

प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान की सेना के मीडिया एवं जनसंपर्क विभाग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के एकतरफा प्रोपेगैंडा और झूठे बयानों को जगह देने के बजाय अंतरराष्ट्रीय मीडिया को बिना किसी भेदभाव के तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट करनी चाहिए। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार बलोचिस्तान के चगाई जिले के माहियान कोर इलाके में हथियारबंद लोगों ने एक निजी खनिज कंपनी की खदान पर हमला कर लाखों रुपये की मशीनरी जब्त कर ली है।

रिपोर्ट के मुताबिक हथियारबंद लोग इसके बाद कंपनी के गार्ड व अन्य मजदूरों को अपने साथ ले गए। इन मजदूरों में गिलगित के वजाहत, वाजिद, शाहिद, सबर के अलावा स्थानीय श्रमिक जियाउद्दीन, शाह सलीम, चगाई और सईद मोहम्मद शामिल हैं। चगाई पुलिस के अनुसार, बंधकों को छुड़ाने की कोशिश की जा रही है।

उधर, डेरा बुगती जिले के सुई स्थित गैस अधिकारियों ने कहा कि धमाके के बाद क्वेटा के कोलपुर, माछ, मस्तुंग, कलात, पाशिन और जियारत समेत कई इलाकों में गैस आपूर्ति रोक दी गई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मौके पर गैस पाइपलाइन से आग की लपटें निकल रही हैं। धमाका मेन हाइवे से 800 मीटर की दूरी पर पाइपलाइन के वाल्व असेंबली में हुआ। इस धमाके की अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags