छग के राजनांदगांव में कारोबारी नाहटा और भंसाली से जुड़े ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई

युगवार्ता    13-Aug-2026
Total Views |
राजनांदगांव में ईडी  की दबिश के दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिस बल


रायपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गुरुवार तड़के प्रवर्तन विभाग (ईडी) की टीम ने तीन ठिकानों पर जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक भोपाल और रायपुर से पहुंची ईडी की अलग-अलग टीमों ने शहर से लगे तीन स्थानों पर कार्रवाई शुरू की।बताया गया है कि यह कार्रवाई जिला खनिज न्यास निधि(डीएमएफ घोटाला) मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर की गई है।

ईडी के अधिकारियों द्वारा सत्यम विहार कॉलोनी स्थित यश नाहटा और रोमिल नाहटा के निवास व व्यावसायिक परिसरों पर जांच की जा रही है। कामठी लाइन स्थित कारोबारी मनीष भंसाली के 'भंसाली किराना भंडार' से जुड़े ठिकानों पर भी टीम रिकॉर्ड खंगाल रही है।

बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी सुबह करीब 6 बजे राजनांदगांव पहुंचे और इसके बाद संबंधित परिसरों में जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संबंधित ठिकानों के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा।

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई डीएमएफ से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक जांच एजेंसी की ओर से कार्रवाई के कारण या जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

नाहटा और भंसाली से जुड़े इन ठिकानों पर अक्टूबर 2025 में भी ईडी की टीम कार्रवाई कर चुकी है।

______________

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Tags