प्रधानमंत्री रहमान के भारत और जापान दौरे की तारीख अभी तय नहींः बांग्लादेश

युगवार्ता    13-Aug-2026
Total Views |
बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम (फाइल फाेटाे)


ढाका, 13 अगस्त (हि.स.)। बांग्लादेश की विदेश राज्यमंत्री शमा ओबेद इस्लाम ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान के प्रस्तावित भारत और जापान दौरे की तारीख अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं का कार्यक्रम प्रधानमंत्री की व्यस्तताओं और संबंधित देशों के साथ द्विपक्षीय बातचीत में हुई प्रगति को ध्यान में रखते हुए तय किया जाएगा।

बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बांग्लादेश संगबाद संस्था (बीएसएस)

ने बताया कि, विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत में शमा ओबेद ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री के विदेश दौरों को लेकर सकारात्मक है लेकिन अंतिम फैसला प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और द्विपक्षीय चर्चाओं की स्थिति पर निर्भर करेगा।

प्रधानमंत्री के भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने या अलग से द्विपक्षीय दौरा करने के सवाल पर राज्य मंत्री ने कहा कि अभी इस संबंध में निर्णय लेने के लिए पर्याप्त समय है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन में अभी समय है और आने वाले एक महीने में परिस्थितियों में बदलाव हो सकता है।

शमा ओबेद ने बताया कि प्रधानमंत्री फिलहाल कई महत्वपूर्ण घरेलू मामलों में व्यस्त हैं। इनमें आगामी संवैधानिक गतिविधियां, राष्ट्रपति चुनाव और संसद का आगामी सत्र शामिल हैं।

भारत के संभावित दौरे से दोनों देशों के बीच लंबित मुद्दों के समाधान की संभावना के सवाल पर शमा ओबेद ने कहा कि शीर्ष राजनीतिक स्तर पर सीधी बातचीत से द्विपक्षीय समस्याओं को सुलझाने के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जब दोनों देशों के नेता आमने-सामने बातचीत करते हैं तो कई लंबित मुद्दों पर समाधान तलाशने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत भी ऐसे अवसर का सकारात्मक इस्तेमाल करेगा।

भारत में रह रही पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की ओर से दिए जा रहे बयानों के संदर्भ में शमा ओबेद ने कहा कि बांग्लादेश सरकार इस मुद्दे पर अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के लोग किसी दोषसिद्ध व्यक्ति की ओर से भारतीय जमीन से दिए गए बयानों को स्वीकार नहीं करते और न ही उन्हें सकारात्मक रूप से लेते हैं। उन्हाेंने जुलाई की घटनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि उन घटनाओं की याद अभी भी लोगों के बीच ताजा है। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर सभी पक्षों को बांग्लादेशी जनता की भावनाओं का ध्यान रखना चाहिए।

इसके बावजूद उन्होंने जोर दिया कि उच्चतम राजनीतिक स्तर पर सीधी बातचीत भारत-बांग्लादेश संबंधों में मौजूद मतभेदों और लंबित मुद्दों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

जापान के प्रस्तावित दौरे के बारे में राज्य मंत्री ने कहा कि इसकी तारीख और समय अभी निर्धारित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रा का कार्यक्रम दोनों देशों की आपसी सुविधा और उपलब्ध समय के आधार पर तय किया जाएगा।

उन्होंने दोहराया कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो प्रधानमंत्री भारत, जापान और अन्य देशों की यात्रा कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Tags