डीपीएल 2026: आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को पांच विकेट से हराया

युगवार्ता    13-Aug-2026
Total Views |
डीपीएल 2026: आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को पांच विकेट से हराया


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस को पांच विकेट से मात दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वॉरियर्स ने लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम 19.4 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। लायंस के बल्लेबाज लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रहे और एक समय टीम का स्कोर 119/7 हो गया था। इसके बाद कप्तान आयुष दोसाजा और अजय राणा ने आठवें विकेट के लिए 39 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला।

आयुष ने शानदार 59 रन बनाए, जबकि अजय राणा ने 16 गेंदों पर तेज 27 रन जोड़े। वहीं, नितीश राणा ने आक्रामक अंदाज में 17 गेंदों पर 35 रन बनाकर टीम के स्कोर को प्रतिस्पर्धी बनाने में अहम योगदान दिया।

आउटर दिल्ली वॉरियर्स की ओर से शिवम शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। हर्ष त्यागी ने भी चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट चटकाए।

179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉरियर्स को सलामी बल्लेबाज प्रियंश आर्या और यशस शर्मा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। हालांकि इसके बाद टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए और स्कोर 88/3 हो गया, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया।

इसके बाद मोहित पंवार और अक्षय सैनी ने पारी को संभाला। सैनी ने महत्वपूर्ण 42 रन की पारी खेली। उनके आउट होने के बाद एक बार फिर वॉरियर्स पर दबाव बढ़ा, लेकिन शिवम शर्मा और हर्ष त्यागी ने संयम बनाए रखा।

दोनों ने आखिरी चरण में कोई और विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाकर पांच विकेट से जीत दिला दी। इस जीत में गेंदबाजी के साथ-साथ दबाव के समय बल्लेबाजों के धैर्य ने भी अहम भूमिका निभाई।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags