
पटना, 14 अगस्त (हि.स.)। बिहार सरकार के सहकारिता विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत तुषार कुमार ने खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य और देश का नाम रोशन किया है। नाइजीरिया के लागोस में आयोजित सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 में तुषार कुमार ने भारतीय पुरुष फॉयल टीम के साथ कांस्य पदक जीता।
तुषार कुमार की इस उपलब्धि पर सहकारिता विभाग के मंत्री रामकृपाल यादव ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता तुषार कुमार की कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
मंत्री ने कहा कि सहकारिता विभाग के एक कर्मचारी ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। यह पूरे विभाग के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि तुषार कुमार भविष्य में भी अपने प्रदर्शन से बिहार और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह और निबंधक, सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह ने भी तुषार कुमार की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। दोनों अधिकारियों ने उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
तुषार कुमार की इस उपलब्धि पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी खुशी जताई। विभागीय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाली प्रतियोगिताओं में भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी