नेताजी पर विवादित टिप्पणी मामले में अनंत महाराज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

युगवार्ता    14-Aug-2026
Total Views |

कूचबिहार, 14 अगस्त (हि.स.)। नेताजी सुभाषचंद्र बोस को लेकर कथित विवादित टिप्पणी मामले में कूचबिहार के वरिष्ठ नेता तथा भाजपा के राज्यसभा सांसद नगेन राय उर्फ अनन्त महाराज की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब कूचबिहार के कोतवाली थाने में उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

पिछले कुछ दिनों से नेताजी को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में नगेन राय लगातार सुर्खियों में हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही कार्रवाई करते हुए उनके पांच समर्थकों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप है कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने सोशल मीडिया पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की थी।

नेताजी को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में राज्य सरकार ने भी नगेन राय के खिलाफ कार्रवाई की है। सरकार की ओर से उन्हें प्रदान किया गया ‘बंगविभूषण’ सम्मान वापस ले लिया गया है। अब कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। उपलब्ध साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक नगेन राय की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर विभिन्न वर्गों में सवाल उठ रहे हैं। कई लोगों ने मामले में जल्द और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना को लेकर कूचबिहार का राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। विपक्षी दलों ने कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए सांसद के इस्तीफे की मांग उठाई है। अब सबकी नजर कोतवाली थाने में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।-----

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Tags