
इंदौर, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने शुक्रवार बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने शहर के बाइपास स्थित फीनिक्स सिटाडेल के पास घेराबंदी कर सोने की तीन ईंटों के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, साथ ही उनके पास से एक कार और बुलेट भी जब्त की है।
डीआरआई की टीम को शुक्रवार दोपहर के समय इस इलाके में सोने की डिलीवरी होने की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना के मिलते ही डीआरआई की विशेष टीम मौके पर पहुंची और वहां खड़ी एक काले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को चारों तरफ से घेर लिया। इस दौरान कार में सवार तीन लोगों और डिलीवरी लेने पहुंचे एक बुलेट सवार व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार कार कुछ दूरी आगे जाकर रुकी थी। कार रुकते ही उसमें से एक व्यक्ति नीचे उतरा और पास ही बुलेट पर इंतजार कर रहे व्यक्ति को सोने की ईंटों की डिलीवरी देने लगा। इसी दौरान डीआरआई की टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ने का प्रयास किया, तो कार में मौजूद दो अन्य लोग भी बाहर निकल आए। इन सभी आरोपितों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम के साथ धक्का मुक्की शुरू कर दी और इस आपाधापी में कार के कांच भी फोड़ दिए। हालांकि टीम ने सतर्कता दिखाते हुए चारों आरोपितों को काबू में कर लिया।
कार्रवाई पूरी करने के बाद डीआरआई की टीम स्विफ्ट डिजायर कार और बुलेट को जब्त करके अपने कार्यालय ले गई। फिलहाल बरामद की गई सोने की तीन ईंटों के मूल्य और इससे जुड़े पूरे सिंडिकेट के संबंध में डीआरआई के अधिकारी गहन पूछताछ कर रहे हैं। इस मामले में जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर