अरुणाचल प्रदेश में असम राइफल्स कैंप पर संदिग्ध उग्रवादियों का हमला,जवाबी कार्रवाई के बाद जंगल में भागे हमलावर

युगवार्ता    14-Aug-2026
Total Views |

चांगलांग (अरुणाचल प्रदेश), 14 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में नामपोंग थाना क्षेत्र के लॉन्गवी स्थित असम राइफल्स कैंप पर शुक्रवार तड़के संदिग्ध उल्फा (आई) और एनएससीएन-केवाईए कैडरों ने हमला कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, हमले में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 3:15 बजे संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स कैंप को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू की। कैंप में तैनात जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद हमलावर पास के जंगल की ओर भाग गए।

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने संदिग्ध उग्रवादियों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जंगल और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

घटना के मद्देनजर असम राइफल्स कैंप और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बल हमलावरों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags