मुंबई, 14 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र एंटी टेरोरिस्ट स्कॉड (एटीएस) की टीम ने ठाणे के पड़घा इलाके से आतंकी वीडियो प्रसारित करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। अब जांच में सामने आया है कि आरोपित ने करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर एक ग्रुप बनाया था, जिसमें उसने करीब 200 लोगों को जोड़ा था। इस मामले की गहन छानबीन एटीएस की टीम कर रही है।
इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकी वीडियो प्रसारित करने वाले आरोपित की पहचान 34 साल के ट्रक ड्राइवर सोहेल रज्जाक शेख के रुप में की गई है। आरोपित इंस्टाग्राम पर बनाए ग्रुप में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर फरहतुल्ला घोरी और जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मोहम्मद मसूद अजहर से जुड़े वीडियो अपलोड करता था। इसकी जानकारी मिलते ही आरोपित को बीती रात गिरफ्तार किया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर बताया कि उसे इन लोगों के वीडियो सुनना पसंद था और इसी वजह से वह वीडियो डाउनलोड कर सोशल मीडिया पर शेयर करता था। लेकिन अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपित इन वीडियो को क्यों सुनता था और इसके पीछे उसकी वास्तविक मंशा क्या थी। आरोपित से पूछताछ के बाद एटीएस की टीम ने चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया है। ये चारों भी फरहतुल्ला घोरी और मसूद अजहर से जुड़े वीडियो डाउनलोड कर देखते और सुनते थे। लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक इन चारों ने वीडियो को आगे किसी व्यक्ति या ग्रुप में फॉरवर्ड नहीं किया था। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को कुछ वीडियो डिलीट किए जाने की जानकारी भी मिली है।
पुलिस ने इन सबके मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। अब इन मोबाइल फोन का फॉरेंसिक एनालिसिस कराया जाएगा। इसके जरिए डिलीट किए गए वीडियो और दूसरे डिजिटल डेटा को रिकवर करने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही एटीएस इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही ग्रुप में जुड़े करीब 200 लोगों और उनके आपसी संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि इस मामले में आरोपित के अलावा कोई और व्यक्ति या संगठनात्मक लिंक तो नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव