अटारी-वाघा सीमा पर बीएसएफ ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

युगवार्ता    15-Aug-2026
Total Views |
बीएसएफ के डीआईजी एस.एस. चंदेल संबोधन करते हुए


बीएसएफ जवान लड्डू खिलाकर मुंह मीठा करते हुए


अमृतसर, 15 अगस्त (हि.स.)। देशभर की तरह अमृतसर की अटारी-वाघा सीमा पर भी 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे गर्व, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ओर से आयोजित विशेष समारोह में बीएसएफ के डीआईजी एस.एस. चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सीमा पर तैनात जवानों और अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

डीआईजी एस.एस. चंदेल ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीएसएफ के जवान देश की सुरक्षा के लिए दिन-रात सीमाओं पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करना बीएसएफ के लिए गर्व की बात है और जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।

उन्होंने सीमा पर बीएसएफ द्वारा निभाई जा रही भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि जवानों ने दुश्मन की गतिविधियों का मजबूती से मुकाबला किया है। उन्होंने बताया कि बीएसएफ ने ड्रोन को मार गिराने के साथ-साथ बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और हथियार भी बरामद किए हैं।

इस अवसर पर सब-इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत हुए दो बीएसएफ जवानों को सम्मानित किया गया। डीआईजी ने कहा कि यह सम्मान जवानों की मेहनत और समर्पण का प्रतीक है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डीआईजी एस.एस. चंदेल ने बीएसएफ जवानों को लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारों से सीमा का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। डीआईजी ने राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे होने पर भी देशवासियों को बधाई दी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Tags