बंगाल में आईएसआई कनेक्शन के संदेह में तीन और गिरफ्तार

युगवार्ता    15-Aug-2026
Total Views |

कोलकाता, 15 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध होने के संदेह में गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के दिन राज्य पुलिस के विशेष कार्यबल ने कूचबिहार जिले के दिनहाटा-दो प्रखंड के साहेबगंज से तीन युवकों को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसियों को उनके आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त होने का संदेह है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विशेष कार्यबल ने शुक्रवार देर रात दिनहाटा शहर में अभियान चलाया। इस दौरान साहेबगंज से रशीदुल, नसीरुद्दीन और शफीकुल नामक तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों में एक का घर बिहार के किशनगंज में बताया गया है, जबकि दो अन्य स्थानीय निवासी हैं।

तीनों को पुलिस हिरासत में लेने के लिए दिनहाटा अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों के पास से भारतीय सिम कार्ड मिले हैं। उन पर बांग्लादेश के रास्ते पाकिस्तान तक जाली नोट पहुंचाने के कारोबार में शामिल होने का भी आरोप है। इससे पहले नयारहाट में राष्ट्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई के दौरान आईएसआई का एजेंट होने के संदेह में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। सीमा से सटे दिनहाटा इलाके में हुई इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हलचल है।

दूसरी ओर, उत्तर 24 परगना के बादुड़िया निवासी युवक की गिरफ्तारी के बाद कर्नाटक पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस का विशेष कार्यबल संयुक्त रूप से बसीरहट में अभियान चला रहा है। जांच एजेंसियां उसके कथित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं।

पिछले कुछ दिनों में आईएसआई से संबंध होने के संदेह में राज्य में कई गिरफ्तारियां हुई हैं। बर्धमान, हाबरा और कोलकाता के तपसिया इलाके से भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियां इन मामलों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Tags